• Home  
  • एकलव्य स्कूल के छात्रों का फूटा गुस्साः प्राचार्य-अधीक्षिका को हटाने की मांग पर चक्काजाम, डेढ़ घंटे तक थमा ट्रैफिक
- कोरबा - छत्तीसगढ़ - राजकाज - शिक्षा - संगठन - समस्या - समीक्षा - सुरक्षा - हड़ताल

एकलव्य स्कूल के छात्रों का फूटा गुस्साः प्राचार्य-अधीक्षिका को हटाने की मांग पर चक्काजाम, डेढ़ घंटे तक थमा ट्रैफिक

लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम कोरबा 01 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षिका को हटाने समेत छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने कोरबा-कटघोरा […]

लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम

कोरबा 01 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षिका को हटाने समेत छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है। शनिवार सुबह करीब 7 बजे एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र क्लासरूम में जाने के बजाय सड़क पर उतर आए और कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में छात्रों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए। उनका आरोप है कि विद्यालय और छात्रावास में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य अहमद खान को तत्काल हटाने और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग रखी।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि खाना कई बार खराब गुणवत्ता का होता है और भोजन में कीड़े मिलने की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक पर उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में कई मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, जिसके कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

छात्रों का कहना है कि अपनी समस्याओं को लेकर यह उनका पहला प्रदर्शन नहीं है। कुछ दिन पहले भी नाराज छात्रों ने कटघोरा विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर विरोध जताया था और अपनी मांगें रखी थीं। छात्रों का आरोप है कि इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से उन्हें मजबूर होकर सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा।

चक्काजाम के दौरान प्रदर्शनकारी छात्र इस बात पर अड़े रहे कि जब तक उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता और पूरे मामले से कलेक्टर को अवगत नहीं कराया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम, कटघोरा पुलिस और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से छात्रों को लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था दोबारा सामान्य हो सकी।

फिलहाल प्रशासन ने विद्यालय और छात्रावास से जुड़ी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि छात्रों द्वारा उठाई गई समस्याओं की जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और उनकी मांगों पर कब तक अमल होता है।

About Us

Lorem ipsum dol consectetur adipiscing neque any adipiscing the ni consectetur the a any adipiscing.

Email Us: infouemail@gmail.com

Contact: +5-784-8894-678

Empath  @2024. All Rights Reserved.