• Home  
  • भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयासः ताला तोड़कर अंदर घुसा चोर, सीसीटीवी बंद मिलने से सुरक्षा पर उठे सवाल
- अपराध - कानून - कोरबा - छत्तीसगढ़

भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयासः ताला तोड़कर अंदर घुसा चोर, सीसीटीवी बंद मिलने से सुरक्षा पर उठे सवाल

कोरबा 18 अगस्त। जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी बिना चोरी […]

कोरबा 18 अगस्त। जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने बैंक का मुख्य ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बैंक के भीतर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। बैंक में दाखिल होने के बाद आरोपी मुख्य ताला अपने साथ ले गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहचान या सबूत मिटाने के इरादे से ताला अपने साथ ले लिया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर, तिजोरी और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें खोलने में सफल नहीं हो सका।

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। वहीं रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि बैंक का सीसीटीवी सिस्टम काम नहीं कर रहा था। ऐसे में आरोपी की स्पष्ट पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए बैंक के आसपास तथा आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और घटना के समय बैंक के आसपास मौजूद लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

सीएसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। कुछ दिन पहले ही बैंकों का सुरक्षा सर्वे भी कराया गया था। इसमें कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई थीं, जिसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी किए गए थे।

पुलिस ने सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और रात में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएसपी ने कहा कि बैंक सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।

About Us

Lorem ipsum dol consectetur adipiscing neque any adipiscing the ni consectetur the a any adipiscing.

Email Us: infouemail@gmail.com

Contact: +5-784-8894-678

Empath  @2024. All Rights Reserved.