• Home  
  • युवाओं के हित में बड़ा फैसला : शिक्षक भर्ती से टकरा रही पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख बदली, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभ्यर्थियों की परेशानी का लिया संज्ञान, अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश, अब 2, 3 और 4 नवंबर को होगी सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा
- Raipur - अच्छी ख़बर - 🌍 विश्व समाचार

युवाओं के हित में बड़ा फैसला : शिक्षक भर्ती से टकरा रही पुलिस भर्ती परीक्षा की तारीख बदली, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभ्यर्थियों की परेशानी का लिया संज्ञान, अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के दिए निर्देश, अब 2, 3 और 4 नवंबर को होगी सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा

रायपुर, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में राज्य सरकार की पहल के बाद सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तिथियों में बदलाव किया गया है। पहले प्रस्तावित 24, 25 और 26 अक्टूबर को होने वाली यह परीक्षा अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को […]

रायपुर, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में राज्य सरकार की पहल के बाद सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तिथियों में बदलाव किया गया है। पहले प्रस्तावित 24, 25 और 26 अक्टूबर को होने वाली यह परीक्षा अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

दरअसल, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की तिथियां निर्धारित की गई थीं।

इसी बीच 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तारीखों में टकराव की स्थिति बन गई थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी की आशंका पैदा हो गई थी।

अभ्यर्थियों की इस समस्या का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के हित को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को संबंधित स्तर पर आवश्यक समन्वय कर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की पूर्व निर्धारित तिथियों में परिवर्तन करते हुए नई तिथियां घोषित की हैं।

अब यह मुख्य परीक्षा 2 नवंबर, 3 नवंबर और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा की नई तारीखों से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो पुलिस भर्ती के साथ शिक्षक भर्ती परीक्षा में भी शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा तिथियों के आपसी टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को किसी एक अवसर से वंचित होना न पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अपनी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिलना चाहिए। परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों का समय रहते समाधान हो, इसके लिए संबंधित विभागों और संस्थाओं के स्तर पर आवश्यक समन्वय किया जाना जरूरी है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए अलग से जारी होगी सूचना

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की जानकारी दी है। इस संबंध में आयोग द्वारा विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।

नई तारीखों के ऐलान के बाद अब पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

Lorem ipsum dol consectetur adipiscing neque any adipiscing the ni consectetur the a any adipiscing.

Email Us: infouemail@gmail.com

Contact: +5-784-8894-678

Empath  @2024. All Rights Reserved.