रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को छत्तीसगढ़ में सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी का रूप देने का आह्वान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर जलाया जाने वाला यह दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बने।
एक महीने तक सेवा गतिविधियों पर जोर
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक महीने तक प्रदेश में सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। नागरिकों से स्वच्छता अभियान में भाग लेने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पहल करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की अपील की गई है।
CM साय का कहना है कि सरकार के प्रयासों के साथ जब समाज की भागीदारी जुड़ती है, तब जनकल्याण के कामों का प्रभाव और व्यापक होता है। इसलिए अभियान को सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे सामाजिक भागीदारी का अवसर बनाने पर जोर दिया गया है।
गरीब परिवारों तक पहुंची योजनाओं का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश के गांव, शहर और परिवार विकास की मजबूत कड़ी बनेंगे। छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
17 सितंबर को दीप जलाने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर घर में एक दीप जलाया जाए। इस ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ समाज और राष्ट्र के लिए सेवा का संकल्प लिया जाए।
सेवा संकल्प अभियान : खास बातें
अवधि : 17 सितंबर से 17 अक्टूबर
विशेष अवसर : 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’
फोकस : सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता
उद्देश्य : जनभागीदारी के जरिए सेवा भावना को व्यापक बनाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। ऐसे में उनके जन्मदिन पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना इस अवसर को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
