रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज सहित पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। उस समय सेन समाज के लोगों को सैलून संचालन के लिए किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक तथा बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई थी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सेन शक्ति सम्मेलन में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में एक चौक का नामकरण किया जाएगा। इसके लिए कमेटी का गठन किया जा चुका है। उन्होंने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के आदर्शों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुनर, श्रम और प्रतिभा का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक हुनर और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ढाई साल में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान दी गई मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन करीब 1500 से 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया गया है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपए की राशि भेजी जा रही है। ढाई वर्षों में इस योजना के तहत 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना भी पुनः शुरू की गई है। वहीं 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है।
युवाओं के लिए रोजगार और निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। पुलिस, बिजली और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। नई उद्योग नीति के माध्यम से करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई क्षेत्रों में काम शुरू हो चुका है।
80 हजार घरों में लगे सोलर सिस्टम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें करीब 40 हजार घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक घर बैठे जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के समाधान के लिए विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की व्यवस्था की गई है।
डॉ. रमन सिंह ने गौरीशंकर श्रीवास को बताया संघर्ष का दूसरा नाम
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए श्री गौरीशंकर श्रीवास का चयन कर सही निर्णय लिया है। उन्होंने गौरीशंकर श्रीवास को संघर्ष का दूसरा नाम बताते हुए कहा कि वे लगातार समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है और जन्म, विवाह तथा मृत्यु सहित विभिन्न संस्कारों में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास विभाग के माध्यम से सेन समाज के युवाओं के लिए विभिन्न प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास ने सम्मेलन को सेन समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन कर इसे सेन समाज को समर्पित किया था और अब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बोर्ड को आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को किट का वितरण भी किया।
